आज दिल्ली जाने वाले यात्रियों को हो सकती है परेशानी

गणतंत्र दिवस परेड की वजह से रविवार को गाजियाबाद से दिल्ली के बीच रेल यातायात प्रभावित रहेगा। तिलक ब्रिज रेलवे स्टेशन पर सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक 1:30 घंटे के लिए रेल आवागमन अस्थायी रूप से स्थगित रहेगा। गाजियाबाद-दिल्ली के बीच चलने वाली दो ईएमयू ट्रेेनें निरस्त रहेंगी। लंबी दूरी की कई ट्रेनों को गाजियाबाद और साहिबाबाद स्टेशन पर रोका जाएगा। ऐसे में रविवार को ट्रेनों से सफर करने वाले यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक 26 जनवरी को 64423/64430 गाजियाबाद-नई दिल्ली-गाजियाबाद ईएमयू रद्द रहेगी। दिल्ली-नई दिल्ली-गाजियाबाद ईएमयू 64434 का रूट डायवर्ट कर दिल्ली, शाहदरा और साहिबाबाद के रास्ते चलाया जाएगा। यह ट्रेन नई दिल्ली जंक्शन नहीं जाएगी। 64428 नई दिल्ली-गाजियाबाद ईएमयू को साहिबाबाद से दिल्ली जंक्शन होकर चलाया जाएगा। वहीं 64901 कोसीकलां-गाजियाबाद ईएमयू को हजरत निजामुद्दीन-साहिबाबाद होकर चलाया जाएगा। इसके अलावा कई राजधानी एक्सप्रेस का रूट डायवर्ट किया जाएगा। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक गणतंत्र दिवस की परेड के पास होने के बाद 14258 नई दिल्ली-वाराणसी काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस को नई दिल्ली से रवाना किया जाएगा। 12033 कानपुर-नई दिल्ली शताब्दी को साहिबाबाद स्टेशन पर, 12259 सियालदह-नई दिल्ली दुरंतो एक्सप्रेस और 20801 पटना-नई दिल्ली मगध एक्सप्रेस को गाजियाबाद स्टेशन पर 15-15 मिनट रोककर चलाया जाएगा।